
अजय कुमार/सहरसा
जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने बुधवार को प्रखंड कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय के सभागार में एसडीएम आलोक कुमार, बीडीओ जय किशन, सीओ शुभम वर्मा , ईओ रामविलास दास की मौजूदगी में मतदाता पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभागार में मौजूद प्रखंड भर के बीएलओ के साथ बैठक कर मतदाता पुनरीक्षण कार्य की जानकारी लेते हुए उसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। डीएम ने मौजूद सभी पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी सूरत में आज 90 प्रतिशत डाउनलोडिंग कार्य सुनिश्चित कर लेना है। इस दौरान उन्होंने सभी पदाधिकारी से कहा कि जब तक की आज का कार्य पूरा नहीं हो जाता तब तक आप लोग भी बीएलओ से कार्य करवाने में जुटे रहेंगे। उन्होंने कहा मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्य वार लेवल पर करें ताकि कार्य का समय से निष्पादन हो सके। इस कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। शिथिलता या लापरवाही पर संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।


